हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को लाडवा में आयोजित विजय दशमी समारोह में भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन जय भारत कला मंच की ओर से किया गया। मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीराम की आरती कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की और कला मंच को 11 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने शोभायात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विजय दशमी बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक है। भगवान श्रीराम का जीवन हमें मर्यादा, सेवा, दया और न्याय के रास्ते पर चलने की सीख देता है। यह पर्व हमें अपने भीतर के अहंकार, क्रोध, लालच और ईर्ष्या जैसी बुराइयों को दूर करने का संकल्प लेने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि रामराज्य की भावना तभी साकार होगी, जब गरीबों को सहायता, किसानों को सम्मान, युवाओं को अवसर, महिलाओं को सुरक्षा और बुजुर्गों को सहारा मिलेगा। सरकार समाज के हर वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और सभी को समान अवसर देने के लिए काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के साथ हरियाणा भी विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने जय भारत कला मंच के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था भारतीय संस्कृति और संस्कारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रही है।

कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संस्थाओं के सदस्य और शहरवासी मौजूद रहे।

Related Posts