पंचकूला, 30 मार्च : जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक पंचकूला, जतीन मित्तल ने बताया कि वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा एहतियातन एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग अवधि में कुछ परिवर्तन किए गए हैं। सभी उपभोक्ताओं से अनुरोध है कि वे निर्धारित मापदंडों के अनुसार ही सिलेंडर की बुकिंग करें। गैस सिलेंडर बुक करने के लिए ऑनलाइन पोर्टल, मोबाइल ऐप, मिस्ड कॉल और एसएमएस जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिनका उपयोग किया जा सकता है।
जिला पंचकूला में घरेलू एवं वाणिज्यिक एलपीजी आपूर्ति की स्थिति पूर्णतः सामान्य और नियंत्रण में है। जिले में कुल 12 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं तथा वर्तमान में घरेलू उपभोक्ताओं के लिए किसी भी प्रकार की सिलेंडर की कमी नहीं है।
उन्होंने बताया कि जिले में नियमित निरीक्षण और निगरानी की जा रही है, जिससे आपूर्ति व्यवस्था सुचारू बनी हुई है। आमजन से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडर का भंडारण न करें। एलपीजी के साथ-साथ वैकल्पिक और ऊर्जा दक्ष साधनों जैसे इंडक्शन और इन्फ्रारेड कुकिंग का भी उपयोग करें।
उन्होंने यह भी बताया कि वाणिज्यिक उपभोक्ता, विशेषकर आवश्यक और महत्वपूर्ण सेवाओं से जुड़े संस्थान, निर्धारित कोटा के अनुसार आपूर्ति बहाल करवाने हेतु जिला खाद्य एवं आपूर्ति कार्यालय, पंचकूला से संपर्क कर सकते हैं। साथ ही, वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों को पीएनजी के उपयोग और इसके लिए आवेदन करने हेतु प्रेरित किया जा रहा है , जिससे घरेलू एलपीजी की उपलब्धता बनी रहे।
नोडल अधिकारियों की नियुक्ति
जिले में गैस और पेट्रोलियम पदार्थों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा कालाबाजारी और अनावश्यक भंडारण को रोकने के लिए जिला खाद्य एवं आपूर्ति कार्यालय द्वारा दो नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। एएफएसओ बलविंद्र सिंह लांबा (मोबाइल: 9988515282) को कालका क्षेत्र तथा एएफएसओ बलजीत मलिक (मोबाइल: 8146005582) को पंचकूला, रायपुररानी और बरवाला क्षेत्रों का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर उपभोक्ता संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं।
इसके अतिरिक्त, खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक कार्यालय में 0172-2929353 नंबर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां सुबह 8 बजे से शाम 8 बजे तक संपर्क किया जा सकता है।


