चंडीगढ़ , 17 मार्च- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सिवानी में आयोजित खादी रोजगार उत्सव कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सिवानी की पावन धरा से आज आत्मनिर्भरता, स्वाभिमान, रोजगार और समृद्धि का नया अध्याय जुड़ गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज ‘खादी रोजगार उत्सव’ के माध्यम से यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का‘वोकल फॉर लोकल और विकसित भारत-2047‘ का संकल्प धरातल पर उतरता दिखाई दे रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खादी आजादी के आंदोलन से ही करोड़ों भारतीयों के श्रम, सम्मान और स्वाभिमान का परिचायक है। खादी स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान भी स्वदेशी का प्रतीक थी। इसने बिना किसी हथियार के ब्रिटिश हुकूमत की आर्थिक बुनियाद को हिलाकर रख दिया था। वर्तमान में, माननीय प्रधानमंत्री जी ने हमें ‘खादी फोर नेशन, खादी फॉर फैशन और खादी फॉर ट्रांसफॉर्मेशन’ का मंत्र दिया है। आज सिवानी का यह उत्सव इसी सोच को धरातल पर उतारने का एक सशक्त माध्यम है।
खादी रोजगार उत्सव कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा के अलग अलग जिलों के लाभार्थियों को उनके पास जाकर बात की और मशीने व टूल्स वितरित किए। मुख्यमंत्री ने सोनीपत जिला से आई नेहा, अंजली, ऋतु और रोहतक निवासी सुदेश व पिंकी को फुटवियर मैन्युफैक्चरिंग मशीनें वितरित की।
इसी प्रकार रोहतक निवासी साधना, गुंजन शर्मा, मोनिका, ज्योति व नीलम को सिलाई मशीन और भिवानी जिला से झुम्पा निवासी राजेश देवी, ऊषा रानी, छाकली देवी व प्रमिला को चरखा वितरित किया। इसी प्रकार शहद उत्पादन के लिए फतेहाबाद निवासी कुलदीप सिंह, भीम सिंह, राजेंद्र कुमार, पवन कुमार, कुलवंत और कुरुक्षेत्र निवासी मुनीष को उपकरण वितरित किए। कार्यक्रम में खादी ग्रामोद्योग आयोग के अध्यक्ष मनोज गोयल ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पगड़ी पहनाकर व खादी से बना शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। साथ ही चरखे का स्मृति चिन्ह भी भेंट किया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में ऑनलाइन बटन दबाकर मधुमक्खी पालन के लिए 2350 बी बॉक्स भी वितरित किए।


