हरियाणा के शहरी क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 1,646 वार्ड कमेटियां गठित की गई हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को इन कमेटियों को सक्रिय रूप से काम करने और लोगों की शिकायतों का समय पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोग सफाई और कचरा उठाने से जुड़ी शिकायतें अपनी वार्ड कमेटी के व्हाट्सएप नंबर पर दर्ज करा सकते हैं। अधिकारियों को इन शिकायतों का तय समय में समाधान करना होगा।
बैठक में बताया गया कि प्रदेश के 87 शहरी स्थानीय निकायों में से 83 में घर-घर कचरा उठाने वाले वाहनों में जीपीएस सिस्टम लगाया जा चुका है। इससे वाहनों की लोकेशन और कचरा संग्रहण की निगरानी की जा सकेगी। बाकी चार निकायों में भी यह व्यवस्था जल्द शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
घर-घर कचरा संग्रहण के लिए रूट मैपिंग का काम भी तेजी से चल रहा है। जून में 28 निकायों में यह काम पूरा हुआ था, जबकि 20 सितंबर तक 66 निकायों में 100 प्रतिशत रूट मैपिंग पूरी हो चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर वार्ड के रूट में वाहन, समय और चालक का मोबाइल नंबर भी दर्ज किया जाए। बेहतर काम करने वाली वार्ड कमेटियों को जिला स्तर पर सम्मानित करने की व्यवस्था भी की जाएगी।
बैठक में स्वच्छता पखवाड़े, बल्क वेस्ट जनरेटरों के पंजीकरण, मशीनरी और कर्मचारियों की उपलब्धता समेत कई मुद्दों की समीक्षा की गई।


