हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्कूलों में स्वेच्छा से पढ़ाने के इच्छुक लोगों के लिए स्वयंसेवक शिक्षक पंजीकरण पोर्टल शुरू किया है। इसके जरिए शिक्षा के क्षेत्र में सेवा देने के इच्छुक लोग अपना पंजीकरण करवा सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने मंगलवार को हरियाणा सिविल सचिवालय में इस पोर्टल की शुरुआत की। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा और विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कई सेवानिवृत्त शिक्षक, पूर्व सैनिक और शिक्षा से जुड़े लोग समाज की सेवा करना चाहते हैं। ऐसे लोगों को स्कूलों में पढ़ाने का अवसर देने से विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। साथ ही, शिक्षकों की कमी दूर करने में भी मदद मिल सकती है।
इस पोर्टल पर सेवानिवृत्त शिक्षक, पढ़ाने के इच्छुक पूर्व सैनिक, बड़ी कक्षाओं के विद्यार्थी और अन्य इच्छुक व्यक्ति पंजीकरण कर सकते हैं।
स्वयंसेवकों की योग्यता और उपयुक्तता जांचने के लिए जिला स्तर पर समिति बनाई जाएगी। इसकी अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त करेंगे। समिति में पुलिस विभाग के डीएसपी स्तर के अधिकारी भी शामिल होंगे।
समिति की सिफारिश के आधार पर योग्य लोगों को शिक्षा विभाग से जोड़कर स्कूलों में पढ़ाने का अवसर दिया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य समाज के अनुभवी और इच्छुक लोगों की मदद से शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना है।


