हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्वीडन के अंतरराष्ट्रीय विकास सहयोग एवं विदेश व्यापार मंत्री बेंजामिन दौसा से मुलाकात कर दोनों पक्षों के बीच व्यापार, निवेश और तकनीकी सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल द्वारा स्वीडन के साथ शुरू की गई बातचीत को आगे बढ़ाना सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि मई 2025 में भारत और स्वीडन के संबंधों को रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया गया था। दोनों देशों ने अगले पांच वर्षों में आपसी व्यापार और निवेश दोगुना करने का लक्ष्य रखा है।
बैठक में शिक्षा, कौशल विकास और ऊर्जा के क्षेत्र में मिलकर काम करने की संभावनाओं पर भी विचार हुआ। मुख्यमंत्री ने हरियाणा में मौजूद 18 ड्राई पोर्ट्स का उल्लेख करते हुए कहा कि इनके माध्यम से स्वीडन के साथ सहयोग के नए अवसर तलाशे जा सकते हैं।
स्वीडिश मंत्री ने हरियाणा के साथ भविष्य की योजनाओं पर मिलकर काम करने में रुचि दिखाई। मुख्यमंत्री ने उन्हें ‘हैपनिंग हरियाणा’ कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया। बैठक में शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल भी मौजूद रहे।


