हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश में बच्चों को समय की जरूरत के अनुसार शिक्षा देने पर सरकार का खास ध्यान है। हिसार के ओपी जिंदल मॉडर्न स्कूल में नई शिक्षा सुविधाओं का उद्घाटन करते हुए उन्होंने कहा कि विज्ञान, कंप्यूटर और रोबोटिक्स की आधुनिक लैब विद्यार्थियों को नई चीजें सीखने और अपने आइडिया पर काम करने का मौका देंगी।

एआई और डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा में एआई मिशन शुरू किया गया है। इसके तहत गुरुग्राम और पंचकूला में एआई हब बनाए जाएंगे। स्कूलों में स्मार्ट क्लासरूम, डिजिटल बोर्ड, टैबलेट, ई-लर्निंग और कोडिंग जैसी सुविधाओं को बढ़ाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य ऐसी शिक्षा व्यवस्था तैयार करना है, जिससे युवा रोजगार मांगने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बनें। प्रदेश में 55 हजार से अधिक स्कूलों को वाई-फाई से जोड़ा गया है। 10वीं से 12वीं के विद्यार्थियों के लिए 5 लाख टैबलेट और करीब 40 हजार कक्षाओं में डिजिटल बोर्ड लगाए गए हैं।

इनोवेशन और कौशल पर फोकस

सीएम ने कहा कि स्कूलों में बनाए जा रहे इनोवेशन हब बच्चों की रचनात्मक सोच, टीमवर्क और समस्या हल करने की क्षमता बढ़ाएंगे। उन्होंने नई शिक्षा नीति को युवाओं के लिए कौशल, रोजगार और अच्छे चरित्र से जोड़ने पर जोर दिया।

Related Posts