करनाल के कम्बोपुरा गांव में संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के मौके पर निकली कलश वंदन यात्रा पहुंची। काशी से शुरू हुई इस यात्रा का गांव में संत श्री रविदास मंदिर में श्रद्धालुओं ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल रहा।
हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि गुरु रविदास महाराज का पूरा जीवन मानवता, समानता और भाईचारे का संदेश देता है। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट रहने और आपसी भेदभाव को दूर करने की प्रेरणा देते हैं।
समानता और भाईचारे का संदेश
हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि गुरु रविदास के विचारों को अपने जीवन में अपनाकर समाज में प्रेम और सद्भाव को बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने लोगों से उनके बताए रास्ते पर चलने और जरूरतमंदों की मदद करने की अपील की।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने गुरु रविदास महाराज के जयकारे लगाए। मंदिर में पूजा-अर्चना भी की गई। आयोजकों ने बताया कि इस यात्रा का उद्देश्य गुरु रविदास के संदेशों को लोगों तक पहुंचाना और समाज में भाईचारे की भावना को मजबूत करना है।


