मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा को देश का प्रमुख विनिर्माण केंद्र बनाने के लिए सरकार औद्योगिक परियोजनाओं को तेजी से जमीन पर उतार रही है। सरकार का लक्ष्य प्रदेश में निवेश बढ़ाने के साथ रोजगार के नए अवसर पैदा करना और उद्योगों के लिए मजबूत आधारभूत ढांचा तैयार करना है।

मुख्यमंत्री राष्ट्रीय औद्योगिक कॉरिडोर विकास एवं कार्यान्वयन ट्रस्ट की शीर्ष मॉनिटरिंग अथॉरिटी की तीसरी बैठक में शामिल हुए। बैठक में देश में चल रही विभिन्न औद्योगिक परियोजनाओं की प्रगति और उनके क्रियान्वयन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।

हरियाणा से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं में नांगल चौधरी का इंटीग्रेटेड मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक्स हब, हिसार का इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर और अंबाला औद्योगिक पार्क शामिल हैं। बैठक में इन परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, विकास कार्यों और आगे की कार्ययोजना पर भी विचार किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से हरियाणा में औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। बेहतर लॉजिस्टिक्स और आधुनिक औद्योगिक सुविधाओं से निवेशकों को आकर्षित करने में मदद मिलेगी।

सरकार का प्रयास है कि परियोजनाओं में किसी तरह की देरी न हो और तय समय के अनुसार काम आगे बढ़े। इससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुलने की उम्मीद है।

Related Posts