हरियाणा सरकार अस्पतालों में भर्ती मां और नवजात शिशु को बेहतर देखभाल देने के लिए फैमिली सेंटर्ड केयर व्यवस्था का विस्तार करने जा रही है। इसके तहत इलाज के दौरान मां और बच्चे को साथ रखने तथा उनकी देखभाल में परिवार की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

स्वास्थ्य विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा के नेतृत्व में प्रदेशभर में मातृ एवं नवजात शिशु देखभाल से जुड़ी पहल शुरू की गई है। इसका उद्देश्य नवजात बच्चों को बेहतर इलाज देने के साथ मां और बच्चे के बीच भावनात्मक जुड़ाव को मजबूत करना है।

इस पहल के तहत मां और शिशु के बीच त्वचा से त्वचा का संपर्क बनाए रखने, समय पर स्तनपान कराने और नवजात के इलाज में माता-पिता की भागीदारी को प्रोत्साहित किया जाएगा। इससे बच्चे की देखभाल में परिवार की भूमिका भी बढ़ेगी।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, प्रदेश की 29 विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाइयों (SNCU) में फिलहाल 54 नवजात वेंटिलेटर उपलब्ध हैं। आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए 19 अतिरिक्त वेंटिलेटर लगाए जाएंगे। इससे गंभीर स्थिति वाले नवजात बच्चों को समय पर जरूरी उपचार देने में मदद मिलेगी।

Related Posts