हरियाणा सरकार विजन-2047 के तहत राज्य में आयुष सेवाओं को मजबूत बनाने और लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने पर विशेष ध्यान दे रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक चिकित्सा के साथ-साथ आयुष पद्धति को भी बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि लोगों को समग्र और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
उन्होंने कहा कि ‘सुरक्षित आहार’ अभियान स्वस्थ हरियाणा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस अभियान का उद्देश्य लोगों को पौष्टिक, सुरक्षित और संतुलित भोजन के प्रति जागरूक करना है, जिससे बीमारियों की रोकथाम के साथ स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा मिल सके।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में आयुष विभाग के बुनियादी ढांचे का लगातार विस्तार किया जा रहा है। आयुष अस्पतालों, औषधालयों और स्वास्थ्य केंद्रों को मजबूत करने के साथ आवश्यक सुविधाओं में भी बढ़ोतरी की जा रही है। इसके अलावा लोगों को योग, प्राकृतिक चिकित्सा, आयुर्वेद, होम्योपैथी और अन्य आयुष पद्धतियों का अधिक लाभ मिले, इसके लिए भी योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने विश्वास जताया कि इन प्रयासों से हरियाणा में स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी तथा नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण और किफायती उपचार उपलब्ध होगा।


