पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के कर्मचारियों की समस्याओं को दूर करने के लिए संयुक्त कमेटी बनाने के निर्देश दिए हैं। यह फैसला कर्मचारियों की मांगों पर हुई बैठक के दौरान लिया गया।
कमेटी में स्वास्थ्य, वित्त और सामाजिक सुरक्षा विभाग के अधिकारी शामिल होंगे। शिक्षा विभाग के एक प्रतिनिधि और NHM कर्मचारी यूनियन के दो सदस्य भी इसमें शामिल किए जाएंगे। कमेटी कर्मचारियों की मांगों से जुड़े वित्तीय और कानूनी पहलुओं पर विचार करके समाधान तैयार करेगी।
चीमा ने स्वास्थ्य विभाग को NHM से जुड़ी अन्य कर्मचारी यूनियनों से भी बातचीत कर उनकी मांगों को एजेंडे में शामिल करने के निर्देश दिए हैं। कमेटी की ओर से तैयार प्रस्ताव को आगे कैबिनेट सब-कमेटी के सामने रखा जाएगा।
बैठक में विभिन्न शिक्षक संगठनों ने भी अपनी समस्याएं रखीं। शिक्षकों की मुख्य मांगें वेतन और तबादलों से जुड़ी थीं। वित्त मंत्री ने शिक्षा विभाग को इन जायज मांगों पर तय समय सीमा के भीतर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
चीमा ने कहा कि सरकार कर्मचारियों की वास्तविक समस्याओं को बातचीत के जरिए सुलझाने और कर्मचारियों व सरकार के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।


