पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने जालंधर में श्री गुरु रविदास जी बाणी अध्ययन केंद्र की नींव रखी। इस मौके पर डेरा सचखंड बल्लां के पद्मश्री संत निरंजन दास जी समेत कई संत मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केंद्र गुरु रविदास जी की वाणी, विचारों और शिक्षाओं को देश-दुनिया तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगा।

37 करोड़ रुपये से बनेगा केंद्र

मुख्यमंत्री के अनुसार, 10.4 एकड़ में करीब 37 करोड़ रुपये की लागत से अध्ययन केंद्र तैयार किया जाएगा। यहां तीन मंजिला प्रशासनिक और शिक्षण भवन के साथ लड़कों और लड़कियों के लिए अलग-अलग तीन मंजिला छात्रावास बनाए जाएंगे। शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए दो मंजिला भवन भी तैयार होगा।

650वें प्रकाश पर्व पर बड़े आयोजन

भगवंत मान ने कहा कि पंजाब सरकार गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को पूरे प्रदेश में श्रद्धा और उत्साह के साथ मना रही है। इसके लिए 100 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। गुरु रविदास जी के जीवन, दर्शन और शिक्षाओं पर बनी डॉक्यूमेंट्री 23 जिलों के 13 हजार गांवों में 50 मोबाइल वैन के जरिए दिखाई जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु रविदास जी ने जाति भेदभाव और सामाजिक असमानता के खिलाफ आवाज उठाकर मानवता और समानता का रास्ता दिखाया। उन्होंने कहा कि पंजाब की भाईचारे की भावना को तोड़ने की कई कोशिशें हुईं, लेकिन लोगों की एकता आज भी मजबूत है।

Related Posts