संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में वाराणसी से निकाली गई पवित्र कलश यात्रा का गुरुग्राम में श्रद्धा और उत्साह के साथ भव्य स्वागत किया गया। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सत्य प्रकाश जरावता के नेतृत्व में यह यात्रा गुरु रविदास जी की जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी और कलश लेकर गुरुग्राम पहुंची।
इस अवसर पर हरियाणा के कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार, राव नरबीर सिंह, कृष्ण कुमार बेदी, पूर्व मंत्री ओमप्रकाश धनखड़, विधायक तेजपाल तंवर, विधायक मुकेश शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
वक्ताओं ने कहा कि संत गुरु रविदास जी का जीवन समानता, सामाजिक समरसता, मानवता और भाईचारे का संदेश देता है। यह यात्रा उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और समाज में एकता को मजबूत करने का माध्यम बनेगी।
गुरुग्राम में एंबिएंस मॉल से माता शीतला देवी मंदिर तक यात्रा का विभिन्न स्थानों पर जोरदार स्वागत किया गया। अब 4 अगस्त को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता प्रदेश के सभी 27 संगठनात्मक जिलों के प्रतिनिधियों को यह पवित्र मिट्टी सौंपेंगे, जिसका उपयोग गुरु रविदास जयंती के कार्यक्रमों में किया जाएगा।


