हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने मंगलवार को पानीपत के निजामपुर गांव स्थित राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्कूल परिसर का दौरा कर सफाई व्यवस्था और विद्यार्थियों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया।
मंत्री ने स्कूल प्रशासन और शिक्षकों को परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में बेहतर माहौल के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना सरकार की प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान शिक्षा मंत्री ने शिक्षकों के साथ बैठक भी की। उन्होंने विद्यार्थियों की पढ़ाई, परीक्षा परिणाम और कक्षा में शिक्षण के स्तर को लेकर चर्चा की। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि हर बच्चे की क्षमता को समझते हुए उसकी पढ़ाई पर विशेष ध्यान दिया जाए।
मंत्री ने अलग-अलग कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से बातचीत की और उनकी पढ़ाई व स्कूल में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को मेहनत से पढ़ने और जीवन में बड़े लक्ष्य तय करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने स्कूल प्रशासन को पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था और अन्य जरूरी सुविधाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। मंत्री ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की सुविधाओं या पढ़ाई में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


