मोहाली, 20 अप्रैल: जिले की सड़कों पर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल ने जिला प्रशासनिक कॉम्प्लेक्स, एसएएस नगर में जिला रोड सेफ्टी कमेटी की बैठक की।

बैठक के दौरान डीसी ने जिले में चिन्हित 93 ब्लैक स्पॉट्स में से 57 के सुधार पर संतोष व्यक्त किया और संबंधित विभागों को शेष ब्लैक स्पॉट्स को भी प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द ठीक करने के निर्देश दिए, ताकि आम जनता के लिए सुरक्षित यातायात सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर अस्थायी उपाय किए गए हैं, वहां स्थायी समाधान भी शीघ्र लागू किए जाएंगे। डीसी ने नेशनल हाईवे अथॉरिटी, गमाडा, नगर निगम मोहाली, लोक निर्माण विभाग (PWD) और नगर काउंसिलों को इस कार्य को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

गमाडा अधिकारियों को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि चल रहे रोटरी (नए चौक) प्रोजेक्ट्स को तय समय सीमा में पूरा किया जाए, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू हो सके। नगर निगम द्वारा डिवाइडरों में ग्रिल लगाने के कार्य की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि इससे अवैध रूप से सड़क पार करने पर रोक लगेगी।

डीसी ने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि नो-पार्किंग बोर्ड, गति सीमा संकेत, ज़ेब्रा क्रॉसिंग, स्पीड टेबल मार्किंग और ट्रैफिक लाइट्स पूरी तरह कार्यशील रहें।

Related Posts