हरियाणा के सिरसा से कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा अंबाला पहुंचीं उन्होने भारतीय जनता पार्टी पर कई मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने घुसपैठ, महंगाई और मध्य प्रदेश में कांग्रेस उम्मीदवार के नामांकन रद्द होने जैसे विषयों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
भाजपा की प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के घुसपैठियों को बाहर निकालने संबंधी बयान पर कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा लंबे समय से इसी तरह की राजनीति करती आ रही है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि घुसपैठिए देश में मौजूद हैं तो सरकार यह बताए कि वे आए कैसे और पिछले 12 वर्षों में उन्हें रोकने के लिए क्या कदम उठाए गए। सैलजा ने आरोप लगाया कि भाजपा हर राज्य में चुनावी और राजनीतिक लाभ के लिए ऐसे मुद्दों को बार-बार उठाती है।
मध्य प्रदेश में कांग्रेस की राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने के मामले को लेकर भी सैलजा ने गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने इसे एक बड़ी राजनीतिक साजिश बताते हुए कहा कि जिस आधार पर नामांकन खारिज किया गया, उसमें कोई ठोस कानूनी आधार नजर नहीं आता। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से यह कदम उठाया गया है।
महंगाई और गैस सिलेंडरों की बढ़ती कीमतों पर केंद्र सरकार को घेरते हुए कांग्रेस सांसद ने कहा कि सरकार केवल आकर्षक नारे और योजनाओं की घोषणाएं करने में व्यस्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार नई योजनाओं का प्रचार तो करती है, लेकिन कुछ समय बाद उनका नाम बदल दिया जाता है या उन्हें प्रभावी रूप से लागू नहीं किया जाता।


