चंडीगढ़, 1 मई- CM नायब सिंह सैनी शुक्रवार को पंजाब के पोजेवाल में सतगुरु ब्रह्मानंद महाराज भूरीवाले के 24वें निर्वाण दिवस समागम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने संस्थान द्वारा बेटियों की शिक्षा के लिए किए जा रहे कार्यों हेतु 11 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि भौगोलिक दृष्टि से पंजाब और हरियाणा अलग-अलग राज्य हो सकते हैं, लेकिन हमारी आत्मा एक है। हमारा जीवन, संस्कार, खान-पान और त्यौहार, सब सतगुरु ब्रह्मानंद महाराज भूरीवाले जैसे संत-महापुरुषों की देन हैं। श्री
CM सैनी ने कहा कि जिस प्रकार सतगुरु ब्रह्मानंद महाराज की प्रेरणा से आज इस क्षेत्र में लड़कियों के 4 कॉलेज और 3 स्कूल चल रहे हैं, उसी प्रकार हरियाणा सरकार ने बिना बाधा बेटियों की पढ़ाई को जारी रखने के लिए हरियाणा में हर 20 किलोमीटर के दायरे में सरकारी कॉलेज खुलवाए हैं ताकि हर बेटी को शिक्षित करने के इन महापुरुषों के सपने को पूरा किया जा सके। इसी का परिणाम है कि लाखों बेटियों को अपने घर के पास ही शिक्षा मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
उन्होंने कहा कि सतगुरु ब्रह्मानंद महाराज ने अपने कार्यों से हमें सिखाया कि परमात्मा की प्राप्ति केवल हिमालय की गुफाओं में नहीं होती बल्कि दीन-दुखियों की सेवा और मन की निर्मलता में है। उनका जीवन ‘नर सेवा ही नारायण सेवा’ का जीता-जागता उदाहरण है। उनकी शिक्षाएं आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं जितनी उनके जीवनकाल में थीं।
सतगुरु ब्रह्मानंद महाराज ने अच्छे स्वास्थ्य के महत्व के बारे में भी आमजन को जीवनभर जागरूक किया। उन्होंने न/शे जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जो अलख जगाई वह आज के नौजवानों के लिए किसी संजीवनी से कम नहीं है। इस अवसर पर स्वामी चेतनानंद महाराज, राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू व पूर्व सांसद अविनाश राय खन्ना सहित बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।


