पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य को शिक्षा के क्षेत्र में देश का प्रमुख केंद्र बनाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। सरकारी स्कूलों को बेहतर बनाने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खोलने में पैसों की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि सरकार अब तक बिना रिश्वत और सिफारिश के योग्यता के आधार पर 70 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां दे चुकी है।
मुख्यमंत्री रविवार को धूरी के गांव बराड़वाल स्थित देश भगत कॉलेज में आयोजित क्षेत्रीय युवा महोत्सव में युवाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई और मेहनत पर ध्यान देने की अपील की।
मान ने कहा कि पंजाब के युवाओं में प्रतिभा, ऊर्जा और रचनात्मकता की कोई कमी नहीं है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों को अपनी कला दिखाने, आत्मविश्वास बढ़ाने और अनुशासन व टीम भावना सीखने का मौका मिलता है।
इस महोत्सव में 39 कॉलेजों के विद्यार्थी हिस्सा ले रहे हैं और चार मंचों पर 60 तरह की गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इनमें सांस्कृतिक और साहित्यिक प्रतियोगिताएं शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि जिम्मेदार और जागरूक नागरिक तैयार करना भी है। संगीत, नृत्य, नाटक और लोक कलाएं विद्यार्थियों के व्यक्तित्व को निखारती हैं।
उन्होंने युवाओं को अपनी संस्कृति और विरासत से जुड़े रहने के साथ नए अवसर अपनाने की सलाह दी। मान ने कहा कि युवाओं को सही मंच और प्रोत्साहन देकर ही ‘रंगला पंजाब’ का सपना पूरा किया जा सकता है।


