एशियन हॉकी फेडरेशन ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को जापान में होने वाले एशियन गेम्स के हॉकी मुकाबले देखने के लिए आमंत्रित किया है। मुख्यमंत्री को महिला और पुरुष हॉकी के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले देखने का न्योता मिला है।
फेडरेशन की ओर से दिए गए निमंत्रण के तहत मुख्यमंत्री मान और पंजाब सरकार के प्रतिनिधिमंडल को जापान में अंतरराष्ट्रीय स्तर के हॉकी मुकाबलों और उनकी व्यवस्थाओं को देखने का मौका मिलेगा।
एशियन गेम्स के हॉकी सेमीफाइनल मुकाबले 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को खेले जाएंगे। इसके बाद महिला और पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले 2 और 3 अक्टूबर को होंगे।
इस दौरे को पंजाब में होने वाले आगामी अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट की तैयारियों से भी जोड़कर देखा जा रहा है। पंजाब इस साल मेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी करने जा रहा है। टूर्नामेंट के मुकाबले जालंधर और मोहाली में खेले जाएंगे।
जापान में बड़े खेल आयोजन की व्यवस्थाओं को देखने से पंजाब के अधिकारियों और प्रतिनिधिमंडल को अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन से जुड़े अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा।


