पंचकूला, 20 मई : मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार जिला पंचकूला में आगामी दिनों के दौरान हीट वेव (लू) चलने की संभावना को देखते हुए उपायुक्त एवं जिला मजिस्ट्रेट सतपाल शर्मा ने जनहित में एडवाइजरी जारी की है।
उपायुक्त ने जिलावासियों से सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि लोग पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें, भले ही प्यास न लगी हो। उन्होंने दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से धूप में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी। बाहर जाते समय छाता, टोपी, गमछा या सिर ढकने का उपयोग करें तथा हल्के रंग और सूती कपड़े पहनें।
उन्होंने कहा कि बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखा जाए। भारी, तला-भुना भोजन और शरीर में पानी की कमी करने वाले पदार्थों से बचें। ओआरएस, लस्सी, छाछ और नींबू पानी जैसे पेय पदार्थों का सेवन करें। खेतों और खुले स्थानों पर काम करने वाले लोग समय-समय पर छांव में आराम करें।
उपायुक्त ने बताया कि लू लगने के लक्षण जैसे तेज बुखार, सिरदर्द, चक्कर आना, कमजोरी, सांस लेने में कठिनाई और उल्टी होने पर तुरंत ठंडी या छायादार जगह पर जाएं तथा पानी या ओआरएस का सेवन करें। स्थिति गंभीर होने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें।
उन्होंने पशु-पक्षियों की सुरक्षा के लिए भी लोगों से अपील की कि घरों, कार्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करें। पशुओं को छायादार स्थान पर रखें और पर्याप्त पानी उपलब्ध कराएं। उन्हें गर्म सतहों जैसे तारकोल की सड़क या गर्म रेत पर न घुमाएं तथा किसी भी स्थिति में वाहन के अंदर न छोड़ें।
उपायुक्त ने कहा कि बढ़ते तापमान और हीट वेव से बचाव के लिए सभी नागरिक सतर्क रहें, सावधानियां अपनाएं और सुरक्षित रहें।


