रोहतक के गांव ईस्माइला में सीमा सुरक्षा बल (BSF) के शहीद इंस्पेक्टर जगमहेंद्र कौशिक की प्रतिमा का अनावरण किया गया। हरियाणा के सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने प्रतिमा का अनावरण कर शहीद को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि जगमहेंद्र कौशिक का जीवन युवाओं को देश सेवा, अनुशासन और साहस की प्रेरणा देता रहेगा।

जगमहेंद्र कौशिक का जन्म 3 जनवरी 1967 को हुआ था। वे 7 नवंबर 1986 को बीएसएफ में शामिल हुए और करीब चार दशक तक देश की सेवा की। सेवा के दौरान उन्हें तीन बार ऑल इंडिया पुलिस मेडल से सम्मानित किया गया। उन्होंने बीएसएफ में कोच के रूप में भी जवानों को प्रशिक्षण दिया।

मंत्री ने बताया कि जम्मू में कंपनी कमांडर के पद पर रहते हुए कौशिक ने सर्च अभियान के दौरान पाकिस्तान की ओर से बनाई गई दो सुरंगों का पता लगाया था। उनकी बहादुरी के लिए उन्हें सम्मान मिला। 15 फरवरी 2024 को श्रीगंगानगर में ड्यूटी के दौरान उनका निधन हो गया।

डॉ. शर्मा ने कहा कि गांव में स्थापित प्रतिमा उनकी वीरता और देशसेवा की याद दिलाती रहेगी। उन्होंने युवाओं से शहीद के जीवन से प्रेरणा लेकर मेहनत, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा को अपनाने का आह्वान किया।

Related Posts