उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (UHBVN) की ओर से पंचकूला जोन के उपभोक्ताओं की बिजली संबंधी शिकायतों का समाधान किया जाएगा। इसके लिए जोनल उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच, पंचकूला में 14, 21 और 28 सितंबर को सुनवाई होगी।

इसमें पंचकूला जोन के अंतर्गत आने वाले कुरुक्षेत्र, अंबाला, पंचकूला, कैथल और यमुनानगर जिलों के उपभोक्ता अपनी शिकायतें रख सकेंगे।

बिजली निगम के प्रवक्ता के अनुसार, मंच पर गलत बिजली बिल, बिजली की दरों, मीटर सिक्योरिटी, खराब मीटर और कम या अधिक वोल्टेज से जुड़ी शिकायतों की सुनवाई की जाएगी। इसका उद्देश्य उपभोक्ताओं की समस्याओं का जल्द समाधान करना है।

वित्तीय विवाद से जुड़ी शिकायत दर्ज कराने से पहले उपभोक्ता को निर्धारित राशि जमा करनी होगी। यह राशि पिछले छह महीनों में भुगतान किए गए औसत बिजली बिल या देय शुल्क के आधार पर तय की जाएगी, इनमें से जो कम होगा, वही राशि जमा करनी होगी।

इसके अलावा उपभोक्ता को यह भी प्रमाणित करना होगा कि संबंधित मामला किसी अदालत, प्राधिकरण या अन्य फोरम में लंबित नहीं है।

About Author

Supriya Thakur