मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में लंबे समय तक शासन करने वाली कांग्रेस को जवाब देना चाहिए कि उसने गरीबों के जीवन में कितना बदलाव किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की नीतियों और योजनाओं से 25 करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी से बाहर आने का अवसर मिला है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के 25 साल को कांग्रेस झुठला नहीं सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस केवल प्रधानमंत्री को बदनाम करने की राजनीति कर रही है और इसके लिए एक तय स्क्रिप्ट के साथ लोगों के बीच जा रही है।

उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस युवाओं के मुद्दों पर सरकार से सवाल पूछने का दिखावा कर रही है, लेकिन जब युवाओं को रोजगार, अवसर और बेहतर भविष्य की जरूरत थी, तब कांग्रेस ने उनकी समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी सरकार ने गरीबों, युवाओं, महिलाओं और किसानों के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं। सरकार का उद्देश्य केवल विकास के आंकड़े बढ़ाना नहीं, बल्कि आम लोगों के जीवन में वास्तविक बदलाव लाना है।

उन्होंने कहा कि देश की जनता पिछले वर्षों में हुए विकास और बदलाव को देख रही है और केवल आरोपों की राजनीति से सच्चाई नहीं बदली जा सकती।

Related Posts