राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगन के दम पर देश और प्रदेश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और प्रशिक्षण देने के लिए लगातार काम कर रही है।
बहालगढ़ स्थित साई सेंटर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राज्य मंत्री ने साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने 100 फुट ऊंचे तिरंगे का ध्वजारोहण किया और भारत माता की प्रतिमा का अनावरण भी किया।
मंत्री ने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। हरियाणा के खिलाड़ियों ने कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश की अलग पहचान बनाई है।
उन्होंने 20वें एशियन गेम्स में हिस्सा लेने के लिए रवाना होने वाले तीरंदाजी और सेपक टकरा के खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी मेहनत और आत्मविश्वास के साथ देश का प्रतिनिधित्व करने का आह्वान किया।
गौरव गौतम ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि खिलाड़ियों को अभ्यास, प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के लिए हर जरूरी सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे बड़े मंचों पर देश के लिए पदक जीत सकें।


