हरियाणा सरकार प्रदेश में पेयजल व्यवस्था और सीवर सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई परियोजनाओं पर काम करेगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जनस्वास्थ्य विभाग के 13 कार्यों के लिए 399.85 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। इन कार्यों की अनुमानित लागत 419.34 करोड़ रुपये थी। सरकार को करीब 19.49 करोड़ रुपये की बचत हुई है।

चंडीगढ़ में हुई बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों को साफ पानी उपलब्ध कराने के लिए जलघरों, बूस्टिंग स्टेशनों और पाइपलाइन का निर्माण किया जा रहा है। जलघरों और बूस्टिंग स्टेशनों के तल भी आरसीसी के बनाए जाएंगे, ताकि पानी का रिसाव रोका जा सके।

रोहतक, अंबाला और जगाधरी में सीवर व्यवस्था सुधरेगी। शहजादपुर में 48 करोड़ रुपये से सीवर लाइन, एसटीपी और पेयजल से जुड़े काम होंगे। हिसार में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और कैमरी गांव में नया जलघर बनाया जाएगा।

इसके अलावा पंचकूला में जनस्वास्थ्य विभाग के नए भवन के लिए 58.50 करोड़ रुपये और करनाल में रेस्ट हाउस बनाने के लिए 29.91 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

बैठक में पंचकूला में 18.40 करोड़ रुपये से लोकायुक्त भवन, अंबाला में 22.80 करोड़ रुपये से टीबी अस्पताल और चरखी दादरी के पिचोपा गांव में 11.60 करोड़ रुपये से खेल स्टेडियम बनाने को भी मंजूरी मिली। सरकार ने शिक्षा, सड़क, सिंचाई और भंडारण से जुड़े कई अन्य विकास कार्यों को भी स्वीकृति दी।

 

Related Posts