हरियाणा सरकार ने राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पिंजौर के ऐतिहासिक यादविन्द्रा गार्डन और मोरनी हिल्स स्थित टिक्करताल को आधुनिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए हैं।
सरकार ने दोनों पर्यटन स्थलों के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए करीब 90 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना बनाई है। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और राज्य के राजस्व में भी बढ़ोतरी होगी।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वेड इन इंडिया’ विजन के तहत यादविन्द्रा गार्डन के पास आधुनिक सुविधाओं से लैस ‘वन स्टॉप डेस्टिनेशन फॉर वेडिंग’ विकसित करने के निर्देश दिए हैं। यहां कन्वेंशन सेंटर, एग्जीबिशन सेंटर और अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इसके अलावा पीपीपी मॉडल पर एक आलीशान होटल बनाया जाएगा, जिसकी छत पर आधुनिक हेलिपैड की सुविधा होगी, ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटक सीधे यहां पहुंच सकें।
बैठक में विरासत एवं पर्यटन विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित अग्रवाल ने बताया कि यादविन्द्रा गार्डन की ऐतिहासिक पहचान को सुरक्षित रखते हुए यहां संगीतमय फव्वारे, बटरफ्लाई पार्क और एक्वेरियम विकसित किए जाएंगे। रात के समय विशेष लाइटिंग भी आकर्षण का केंद्र होगी।
वहीं, टिक्करताल में एडवेंचर पार्क, बोटिंग, हंटेड हाउस और अन्य पर्यटन सुविधाओं का भी आधुनिकीकरण किया जाएगा, ताकि यह एडवेंचर पर्यटन का प्रमुख केंद्र बन सके।
समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के उपप्रधान सचिव डॉ. यशपाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


