देरी करने वाले ठेकेदारों पर लगेगी पेनल्टी, भविष्य में नहीं मिलेगा नया काम
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश में चल रही बड़ी विकास परियोजनाओं को तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ कहा कि काम में देरी और लापरवाही करने वाले ठेकेदारों पर जुर्माना लगाया जाएगा। बार-बार देरी करने वाले ठेकेदारों को भविष्य में नए काम नहीं दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री बुधवार को चंडीगढ़ में 14वीं स्टेट प्रगति पोर्टल बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में 75 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली बुनियादी ढांचे और ऊर्जा क्षेत्र की परियोजनाओं की समीक्षा की गई।
बैठक में गुरुग्राम ग्लोबल सिटी, श्री कृष्णा आयुष विश्वविद्यालय कुरुक्षेत्र, ईएमसी सोहना और आईएमटी सोहना की प्रगति पर चर्चा हुई। अधिकारियों के अनुसार ईएमसी सोहना का 77 प्रतिशत और आईएमटी सोहना का 70 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।
बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए चल रही परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। सोहना में बिजली वितरण से जुड़े कार्य 93 प्रतिशत पूरे हो चुके हैं, जबकि पंचकूला जोन में आरडीएसएस योजना के तहत 65.69 प्रतिशत काम पूरा हुआ है।
इसके अलावा आईएमटी खरखोदा और हिसार के इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर की प्रगति भी देखी गई।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आपसी तालमेल से काम करने और परियोजनाओं की नियमित निगरानी करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा।


