नया साल सिर्फ कैलेंडर बदलने का नाम नहीं होता है, बल्कि इसके साथ हमारी रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े कई नियम भी बदल जाते हैं. हर नए साल की शुरुआत में कोई ना कोई बदलाव आता है साथ ही देश में कई नियम और व्यवस्थाएं बदलती हैं, जिनका सीधा असर आम लोगों की जेब, सैलरी, खर्च और सुविधाओं पर पड़ता है। 1 जनवरी 2026 से भी कई बड़े बदलाव लागू होने जा रहे हैं, जो नौकरीपेशा लोगों, पेंशनर्स, वाहन चालकों, गैस उपभोक्ताओं, बैंक ग्राहकों और सोशल मीडिया यूजर्स तक को प्रभावित करेंगे। इनमें वेतन आयोग, गैस कीमतें, बैंक ब्याज दरें, टैक्स नियम और सरकारी योजनाओं से जुड़े अहम बदलाव शामिल हैं।
8वां वेतन आयोग लागू होने की संभावना
1 जनवरी 2026 से 8वां वेतन आयोग लागू होने की संभावना है। इसके तहत सैलरी और पेंशन में अच्छी बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि अभी कोई आधिकारिक आंकड़ा नहीं आया है, लेकिन शुरुआती अनुमानों के मुताबिक वेतन में 20 से 35 फीसदी तक इजाफा संभव है।
CNG-PNG के रेट में बदलाव
नए साल में CNG और PNG के दामों में राहत मिलने की संभावना है। यूनिफाइड टैरिफ सिस्टम में बदलाव के बाद सीएनजी की कीमतों में 1.25 से 2.50 रुपये प्रति किलो तक की कमी आ सकती है। वहीं पीएनजी के दाम 0.90 से 1.80 रुपये प्रति एससीएम तक घट सकते हैं। अगर ऐसा होता है तो इसका सीधा फायदा सीएनजी वाहन चालकों और पीएनजी से खाना बनाने वाले परिवारों को मिलेगा।
गैस सिलेंडर की कीमतों में बदलाव
2025 में 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर के दामों में लगातार गिरावट देखी गई है। जिसको लेकर एलपीजी सिलेंडर की कीमतों को लेकर लोगों की नजरें टिकी हैं।साल दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई जैसे शहरों में इसकी कीमतें हजारों रुपये तक घट चुकी हैं। हालांकि घरेलू 14 किलो वाले सिलेंडर की कीमत में मार्च 2024 के बाद से कोई बदलाव नहीं हुआ है। नए साल में उम्मीद की जा रही है कि घरेलू गैस पर भी कुछ राहत मिल सकती है।
नया इनकम टैक्स बिल
नए साल से नया इनकम टैक्स बिल भी लागू होने जा रहा है। सरकार ने टैक्स सिस्टम को सरल बनाने के लिए कई बदलाव किए हैं। इससे आम करदाताओं को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही टैक्स से जुड़े नियम ज्यादा स्पष्ट और आसान बनाए जाएंगे
पैन कार्ड से जुड़ा ये नियम
पैन और आधार लिंक करना अब पूरी तरह अनिवार्य हो गया है। अगर आपने 31 दिसंबर तक पैन को आधार से लिंक नहीं कराया, तो इसके बाद जुर्माना देना पड़ सकता है। बिना लिंक के पैन कार्ड निष्क्रिय भी हो सकता है, जिससे बैंकिंग और टैक्स से जुड़े काम अटक सकते हैं।
राशन कार्ड से जुड़े नए नियम
2026 से राशन कार्ड से जुड़ी प्रक्रिया और आसान की जा रही है. अब राशन कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा शुरू हो चुकी है. इससे खासकर ग्रामीण इलाकों और किसानों को राहत मिलेगी. इसके अलावा राशन कार्ड ई-केवाईसी को लेकर भी सख्ती बढ़ाई गई है। जिन लोगों ने 31 दिसंबर तक ई-केवाईसी नहीं कराई है, उन्हें 1 जनवरी से राशन मिलना बंद हो सकता है। इसलिए जरूरी है कि समय रहते मोबाइल या नजदीकी केंद्र से ई-केवाईसी पूरी करा ली जाए।


