पंचकूला, 30 दिसम्बर – हरियाणा सरकार के अंत्योदय उत्थान के लक्ष्य के साथ चलाई जा रही विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ तय समय में लोगों को मिले और उनकी शिका/यतों का प्राथमिकता के आधार पर निवारण किया जा सके, इसी उद्देश्य के साथ सोमवार को रायपुररानी खण्ड के गांव बागवाली में रात्रि ठहराव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान उपायुक्त सतपाल शर्मा ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और अधिकतम का मौके पर ही समाधान किया। शेष शिकायतों के लिए उन्होंने उपस्थित सम्बन्धित अधिकारियों को मौके पर ही समाधान हेतु दिशानिर्देश दिए।
राजकीय मिडल स्कूल बागवाली में आयोजित रात्रि ठहराव में उपायुक्त के निर्देशानुसार विभिन्न विभागों द्वारा स्टाल लगाकर ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी दी गई और लोगों को इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। भारी ठण्ड और कोहरे के बावजूद उपायुक्त सतपाल शर्मा ने सभी लोगों की समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुना और उनका समाधान किया।


