राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत आज से पंजाब के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। पंजाब के पठानकोट और लुधियाना में उनका दौरा बेहद अहम माना जा रहा है। वही RSS प्रमुख के दौरे को लेकर पठानकोट और लुधियाना में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। सुरक्षा के तौर पर सीमावर्ती जिला होने के कारण पठानकोट पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है। उनके दौरे को लेकर शहर पूरी तरह से पुलिस छावनी मे बदल दिया गया है, बाजारों समेत चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तैनाती की गई है।
बतादें संघ के शताब्दी वर्ष (100 साल) के उपलक्ष्य में चल रहे राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत यह दौरा आयोजित किया गया है। मोहन भागवत पठानकोट और लुधियाना में विभिन्न कार्यक्रमों और संवाद सत्रों में हिस्सा लेंगे।
आज शाम पठानकोट पहुंचेंगे RSS प्रमुख
मोहन भागवत तय कार्यक्रम अनुसार आज शाम पठानकोट पहुंचेंगे। वे संघ कार्यालय में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक की अध्यक्षता करेंगे। कल 25 फरवरी को सयाली रोड स्थित ऑडिटोरियम में पूर्व सैनिकों के साथ विशेष बैठक करेंगे। बैठक को रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। 25 फरवरी शाम को AB कॉलेज में स्वयंसेवकों के एक विशाल कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। संघ प्रमुख भागवत पूरा दिन पठानकोट में ही प्रवास करेंगे और संगठन की गतिविधियों की समीक्षा करेंगे।
26 फरवरी को मोहन भागवत लुधियाना पहुंचेगे
26 फरवरी को मोहन भागवत लुधियाना पहुंचेंगे। लुधियाना में दोपहर 3:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक एक बड़े नागरिक सेमिनार का आयोजन किया गया है। इसमें वे आम नागरिकों के साथ सीधा संवाद करेंगे। इस दौरान वे संघ के शताब्दी वर्ष के संकल्पों और भावी योजनाओं पर चर्चा करेंगे। इस दौरान लुधियाना में भी सुरक्षा कड़ी कर दी गयी है।


