हरियाणा विजिलेंस ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रेवाड़ी जिले की कोसली तहसील में तैनात एक पटवारी को 4,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर राजस्व रिकॉर्ड में सुधार करने के बदले शिकायतकर्ता से पैसे मांगने का आरोप है।
शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो को बताया कि पटवारी पहले ही उससे 5,000 रुपये ले चुका था। इसके बावजूद रिकॉर्ड में सुधार का काम पूरा करने के लिए उसने 4,000 रुपये और मांगे। लगातार रिश्वत की मांग से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना विजिलेंस विभाग को दी।
शिकायत की जांच और सत्यापन के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार जैसे ही पटवारी ने शिकायतकर्ता से 4,000 रुपये लिए, टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
विजिलेंस ब्यूरो ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या उसने अन्य लोगों से भी इसी तरह रिश्वत ली है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि रिश्वत मांगने वाले किसी भी सरकारी कर्मचारी की जानकारी तुरंत विजिलेंस को दें।


