हरियाणा सरकार ने जारी किया स्वतंत्रता दिवस का संशोधित कार्यक्रम ,,,
हरियाणा सरकार ने 15 अगस्त को मनाए जाने वाले स्वतंत्रता दिवस के लिए संशोधित कार्यक्रम की घोषणा की है। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी द्वारा जारी इस शेड्यूल के अनुसार, इस बार ध्वजारोहण समारोह सुबह 9 बजे पूरे राज्य में आयोजित होंगे।
राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष अंबाला में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे, वहीं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रोहतक में मुख्य समारोह में हिस्सा लेंगे। ऊर्जा मंत्री अनिल विज अब यमुनानगर में झंडा फहराएंगे।
राज्य के अन्य मंत्री और जनप्रतिनिधि भी अलग-अलग जिलों में मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण करेंगे। जैसे विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण पानीपत में और उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण कुमार मिड्ढा करनाल में तिरंगा फहराएंगे।
विभिन्न विभागों के मंत्री—जैसे पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार थानेसर, शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा कैथल, राजस्व मंत्री विपुल गोयल नारनौल, कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा गुरुग्राम और स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव नूंह में झंडारोहण करेंगे।
इसके अलावा, हर जिले और उपमंडल स्तर पर भी विधायक, सांसद, मंडलायुक्त, जिला परिषद अध्यक्ष और उपमंडल अधिकारी समारोह का नेतृत्व करेंगे। यदि कोई मंत्री या राज्य मंत्री निर्धारित कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाता, तो वहां संबंधित अधिकारी ध्वजारोहण करेंगे।
यह आयोजन न केवल राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक होगा, बल्कि पूरे हरियाणा में एकता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करेगा।


