चंडीगढ़/धूरी। पंजाब सरकार ने मंगलवार को महिलाओं को आर्थिक सहायता देने की अपनी महत्वाकांक्षी योजना के तहत बड़ा कदम उठाते हुए करीब ₹1100 करोड़ सीधे महिलाओं के बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने गृह जिले संगरूर के धूरी से इस योजना की पहली किस्त जारी की।
सरकार के अनुसार, इस योजना के तहत 18 वर्ष या उससे अधिक आयु की पात्र महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता दी जाएगी। सामान्य वर्ग की महिलाओं को ₹1000 प्रति माह, जबकि अनुसूचित जाति (SC) वर्ग की महिलाओं को ₹1500 प्रति माह मिलेंगे।
पहली बार तीन महीने की राशि एक साथ जारी
सरकार ने पहली बार जुलाई, अगस्त और सितंबर की तीन माह की सहायता एक साथ जारी की है। इसके तहत सामान्य वर्ग की महिलाओं के खातों में ₹3000, जबकि एससी वर्ग की महिलाओं के खातों में ₹4500 सीधे जमा किए गए।
कार्यक्रम के दौरान महिला को मिला पहला SMS
धूरी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एक महिला के मोबाइल पर बैंक से राशि जमा होने का SMS आया। महिला ने यह संदेश मंच पर मौजूद मुख्यमंत्री भगवंत मान को भी दिखाया, जिसके बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इसका स्वागत किया।
40 लाख महिलाओं ने कराया पंजीकरण
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि मंगलवार तक इस योजना के लिए करीब 40 लाख महिलाओं ने पंजीकरण कराया है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है और यह सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में पारदर्शी तरीके से भेजी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह राशि जुलाई, अगस्त और सितंबर महीने की आर्थिक सहायता के रूप में जारी की गई है तथा भविष्य में भी पात्र महिलाओं को समय पर लाभ मिलता रहेगा।


