पंजाब और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के बीच कारोबारी और आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में अहम पहल हुई है। पंजाब के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री अमन अरोड़ा ने रास अल खैमाह (RAK) चैंबर के चेयरमैन HE मोहम्मद मोसबेह अल नुआइमी के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में दोनों पक्षों ने निवेश और व्यापार से जुड़े अवसरों पर चर्चा की।
अमन अरोड़ा ने बैठक के दौरान पंजाब की औद्योगिक और कारोबारी ताकतों को सामने रखा। उन्होंने बताया कि पंजाब में फूड प्रोसेसिंग, कृषि, नवीकरणीय ऊर्जा और मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में निवेश की काफी संभावनाएं हैं।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार निवेशकों के लिए बेहतर और भरोसेमंद माहौल तैयार कर रही है। सरकार की नीतियों का उद्देश्य कारोबार को आसान बनाना और निवेशकों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
बैठक में पंजाब और UAE के बीच व्यापारिक सहयोग बढ़ाने, निवेश के नए रास्ते तलाशने और उद्योगों के लिए संभावित साझेदारियां विकसित करने पर जोर दिया गया। इससे पंजाब के कारोबारियों और निवेशकों के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार में नए अवसर खुलने की उम्मीद है।


