पंजाब में चुनावी तैयारियों के तहत चल रही स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR)-2026 प्रक्रिया ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। राज्य की सभी 117 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में घर-घर जाकर किए गए सत्यापन (डोर-टू-डोर एन्यूमरेशन) के बाद 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) अनिंदिता मित्रा ने इस उपलब्धि का श्रेय चुनाव विभाग के अधिकारियों, बूथ स्तर के कर्मचारियों और पूरी चुनावी मशीनरी की मेहनत, समर्पण और बेहतर समन्वय को दिया। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर यह कार्य पूरा होना चुनाव आयोग की पारदर्शी और सटीक मतदाता सूची तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने बताया कि डिजिटाइजेशन पूरा होने से मतदाता सूची पुनरीक्षण की आगामी प्रक्रिया अधिक तेज, प्रभावी और त्रुटिरहित तरीके से आगे बढ़ सकेगी। CEO ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों, निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों, बूथ लेवल अधिकारियों (BLOs) और अन्य कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी प्रतिबद्धता के कारण यह लक्ष्य समय पर हासिल किया जा सका। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगामी चरण भी इसी दक्षता और पारदर्शिता के साथ पूरे किए जाएंगे, जिससे राज्य में स्वतंत्र, निष्पक्ष और विश्वसनीय चुनाव सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

Related Posts