स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए पंजाब पुलिस ने राज्य में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत कर दी है। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने सोमवार को अमृतसर, जालंधर और लुधियाना का दौरा कर पुलिस अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था और सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की।

डीजीपी ने अधिकारियों को संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ाने, लगातार निगरानी रखने और प्रमुख स्थानों पर हाई-विजिबिलिटी नाके लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस को पूरी तरह सतर्क रहना होगा।

अमृतसर में सीमा से जुड़े संवेदनशील क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। अधिकारियों को संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और जरूरत के अनुसार पुलिस बल की तैनाती बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

जालंधर में डीजीपी ने जालंधर कमिश्नरेट और जालंधर रेंज के अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली। इसमें कपूरथला, होशियारपुर और एसबीएस नगर के अधिकारी भी शामिल रहे। उन्होंने त्वरित कार्रवाई और जिलों के बीच बेहतर तालमेल पर जोर दिया।

लुधियाना में भी सुरक्षा योजना की समीक्षा करते हुए समारोह स्थलों और भीड़ वाले क्षेत्रों में प्रभावी पुलिस तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।

डीजीपी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पुलिसकर्मी लोगों के लिए आसानी से उपलब्ध रहें और किसी भी स्थिति में तुरंत कार्रवाई करें। उन्होंने इंटर-डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेशन और 24 घंटे निगरानी को सुरक्षा व्यवस्था का अहम हिस्सा बताया।

Related Posts