पंजाब ने अज्ञात और लावारिस मृतकों की पहचान के लिए राज्यभर में ‘पहचान’ डिजिटल पोर्टल शुरू किया है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने इस पोर्टल का औपचारिक शुभारंभ किया। पंजाब सरकार के अनुसार, इस तरह की राज्यव्यापी डिजिटल सुविधा शुरू करने वाला पंजाब देश का पहला राज्य है।
‘पहचान’ पोर्टल की मदद से ऐसे लोगों की जानकारी डिजिटल रूप से उपलब्ध होगी, जिनकी पहचान नहीं हो पाई है या जिनके शवों पर किसी ने दावा नहीं किया है। परिवार के सदस्य भारत के किसी भी हिस्से के अलावा विदेश से भी इस पोर्टल पर जानकारी खोज सकेंगे।
सबसे खास बात यह है कि पोर्टल के जरिए अपने लापता परिजनों की तलाश करना पूरी तरह मुफ्त होगा। परिवार उपलब्ध विवरण और तस्वीरों के आधार पर अपने किसी लापता सदस्य की पहचान होने की संभावना तलाश सकेंगे और पहचान होने पर शव पर दावा करने की प्रक्रिया आगे बढ़ा सकेंगे।
डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि जीवित लोगों के स्वास्थ्य की तरह मृतकों की गरिमा की रक्षा करना भी समाज और सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यह पहल बिछड़े परिवारों को उनके अपनों तक पहुंचाने में मददगार साबित हो सकती है।


