पंजाब की मंडियों में धान की आवक शुरू होते ही खरीद व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पूर्व उपमुख्यमंत्री और सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने पंजाब सरकार से धान की खरीद के लिए तुरंत पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। रंधावा ने कहा कि किसानों को मंडियों में फसल बेचने के लिए परेशान न होना पड़े, इसके लिए खरीद, उठान और भुगतान की व्यवस्था समय पर सुनिश्चित की जानी चाहिए।

रंधावा के मुताबिक, जमीनी स्तर पर कुछ किसानों को धान के लिए 1,900 से 2,200 रुपये प्रति क्विंटल तक भाव मिलने की बात सामने आ रही है, जबकि 2026-27 सीजन के लिए सामान्य धान का MSP 2,441 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है। उन्होंने कहा कि अगर किसान MSP से कम कीमत पर फसल बेचने को मजबूर होते हैं तो सरकार को तत्काल हस्तक्षेप करना चाहिए।

उन्होंने मंडियों में पर्याप्त बारदाना, खरीद एजेंसियों की मौजूदगी और समय पर धान उठाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही किसानों को बिना अनावश्यक कटौती के MSP का भुगतान समय पर देने की बात कही।

रंधावा ने पंजाब सरकार की कृषि नीति पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पिछले पांच वर्षों में सरकार कृषि नीति तक तैयार नहीं कर सकी। उन्होंने कहा कि हर खरीफ सीजन में खरीद, भंडारण, मिलिंग और उठान से जुड़ी समस्याएं सामने आती हैं।

रंधावा ने सरकार से मांग की कि धान खरीद को लेकर स्पष्ट कार्ययोजना सार्वजनिक की जाए, ताकि किसानों को मंडियों में इंतजार और कम कीमत पर फसल बेचने जैसी स्थिति का सामना न करना पड़े।

Related Posts