पंजाब के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री लाल चंद कटारूचक ने आगामी धान खरीद सीजन को लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य की मंडियों में पंजाब के बाहर से आने वाले धान की एंट्री किसी भी हालत में नहीं होनी चाहिए।
मंत्री ने खास तौर पर सीमावर्ती जिलों के जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रकों (DFSCs) को अधिक सतर्क रहने को कहा। उन्होंने फर्जी एंट्री रोकने और मंडियों में खरीद प्रक्रिया पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए।
कटारूचक ने अधिकारियों को मंडी बोर्ड के साथ बेहतर तालमेल बनाकर काम करने को कहा, ताकि धान खरीद के दौरान किसानों समेत सभी संबंधित लोगों को किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
सरकार के अनुसार, धान खरीद सीजन 2026-27 के लिए 180 लाख मीट्रिक टन खरीद का लक्ष्य रखा गया है। राज्य में धान की खेती का क्षेत्र करीब 26.22 लाख हेक्टेयर है, जबकि धान का MSP 2,441 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है।
मंत्री ने बताया कि धान खरीद के लिए करीब 3,600 मिलें तैयार हैं। वहीं, भंडारण की जगह बनाने के लिए पंजाब से खाद्यान्न को जल्द बाहर भेजने पर भी काम किया जा रहा है। इस संबंध में FCI के अधिकारियों से अनाज की तेज आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए संपर्क किया जाएगा।


