पंजाब की सभी गौशालाओं के बिजली बिल होंगे माफ, 152 और गौशालाओं को मिलेगा मुफ्त बिजली का लाभ
चंडीगढ़ : पंजाब सरकार ने राज्य की गौशालाओं के लिए बड़ा फैसला लेते हुए सभी गौशालाओं के बिजली बिल माफ करने की मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने घोषणा की कि इस निर्णय से 152 अतिरिक्त गौशालाओं को मुफ्त बिजली का लाभ मिलेगा। इसके साथ ही राज्य में मुफ्त बिजली पाने वाली गौशालाओं की कुल संख्या बढ़कर 518 हो जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में 366 गौशालाओं को यह सुविधा मिल रही थी, जबकि अब शेष 152 गौशालाओं को भी इसमें शामिल किया जाएगा। इन सभी गौशालाओं से बिजली आपूर्ति के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि गौशालाएं बेसहारा और आवारा गोवंश की देखभाल में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। ऐसे में इन संस्थाओं को मजबूत बनाना जरूरी है, ताकि पशुओं की बेहतर देखभाल के साथ सड़कों पर घूमने वाले बेसहारा पशुओं की समस्या का भी प्रभावी समाधान हो सके।
मुख्यमंत्री ने गौशाला प्रबंधन समितियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वे समाज और मानवता की बड़ी सेवा कर रही हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार गौशालाओं के विकास, आधुनिक सुविधाओं और बेहतर प्रबंधन के लिए हरसंभव सहयोग देती रहेगी।
बैठक में मुख्य सचिव के.ए.पी. सिन्हा, सचिव बिजली तथा सचिव पशुपालन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।


