पंजाब के युवा क्रिकेटरों को बड़ा मंच देने के उद्देश्य से ‘शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग’ का शुभारंभ किया गया। इस लीग में भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी शुभमन गिल, अर्शदीप सिंह, प्रभसिमरन सिंह और रामनदीप सिंह आकर्षण का केंद्र होंगे। पंजाब के कैबिनेट मंत्री मीत हेयर ने कहा कि यह मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की दूरदर्शी सोच का परिणाम है, जिसका उद्देश्य राज्य के उभरते क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए सुनहरा अवसर उपलब्ध कराना है।
मीत हेयर ने कहा कि पंजाब में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल उन्हें सही मंच और बेहतर अवसर देने की है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह लीग युवा खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी माहौल में खेलने का मौका देगी और उन्हें राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने में मदद करेगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल संस्कृति को मजबूत बनाने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। ‘शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग’ इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे पंजाब के क्रिकेट को नई पहचान मिलने के साथ-साथ आने वाले समय में कई नए प्रतिभाशाली खिलाड़ी भी सामने आएंगे।


