पंजाब के बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। बिजली बिल से जुड़ी शिकायतों के लिए पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (PSPCL) ने 24 घंटे चलने वाली दो हेल्पलाइन शुरू की हैं। उपभोक्ता +91 1613105055 और +91 1616650355 पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
पंजाब के बिजली मंत्री तरुणप्रीत सिंह सोंड ने बताया कि इन हेल्पलाइन के जरिए गलत, असामान्य रूप से ज्यादा, प्रोविजनल या विवादित बिजली बिलों से जुड़ी शिकायतें दर्ज की जा सकेंगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि बिल में किसी तरह की गलती होने पर निर्धारित 15 दिनों के भीतर शिकायत जरूर दर्ज कराएं, ताकि मामले की जांच कर समय पर समाधान किया जा सके।
मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य उपभोक्ताओं को बिजली बिल संबंधी समस्याओं के लिए आसान और सीधा माध्यम उपलब्ध कराना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जायज शिकायतों पर जल्द कार्रवाई होगी। सोंड ने यह भी स्पष्ट किया कि केवल प्रोविजनल, गलत या ज्यादा बिल आने की वजह से कोई पात्र उपभोक्ता पंजाब सरकार की 300 यूनिट मुफ्त बिजली प्रति माह की सुविधा से वंचित नहीं होगा।


