ओडिशा राज्य में आज 1 अप्रैल को उत्कल दिवस मनाया जा रहा है। 1936 में इसी दिन पर ओडिशा राज्य की स्थापना की गई थी, जिसके बाद से हर साल उत्कल दिवस बहुत ही गर्व और उल्लास के साथ मनाया जाता है। उत्कल दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य ओडिशा राज्य के गठन और ओड़िया भाषा की पहचान को सम्मान देना है।
इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्कल दिवस के अवसर पर ओडिशा के लोगों को शुभकामनाएं दी हैं।
PM मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “उत्कल दिवस के विशेष अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं। ओडिशा एक ऐसा राज्य है जो सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महानता के शाश्वत प्रतीक के रूप में गर्व से खड़ा है। ओडिया संगीत, कला और साहित्य ने भारत को अनगिनत तरीकों से समृद्ध किया है। ओडिशा के लोग, जो अपने दृढ़ संकल्प, सादगी और प्रेम के लिए जाने जाते हैं, उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है। मुझे आशा है कि आने वाले दिनों में ओडिशा प्रगति की नई ऊंचाइयों को छुएगा।”


