यात्रियों की सुविधा और ऑनलाइन टिकट बुकिंग प्रणाली को अधिक सुरक्षित व पारदर्शी बनाने के लिए रेलवे बोर्ड ने एक क्रांतिकारी कदम उठाया है।
अब आधार सत्यापित (Aadhaar Verified) IRCTC खातों को प्राथमिकता दी जाएगी। इस नई व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य टिकटों की कालाबाजारी करने वाले दलालों और ऑटोमेटिक सॉफ्टवेयर से होने वाली अवैध बुकिंग पर लगाम लगाना है।
बतादें रेलवे ने आधार से प्रमाणित IRCTC अकाउंट होल्डर्स के लिए बड़ी राहत का ऐलान किया है। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि 29 दिसंबर 2025 से रिजर्व्ड टिकट बुकिंग के पहले दिन सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक केवल आधार-प्रमाणित IRCTC यूजर्स ही ऑनलाइन टिकट बुक कर सकेंगे। अब रेलवे बोर्ड ने इस समय-सीमा को चरणबद्ध तरीके से और बढ़ाने का फैसला किया है।
29 दिसंबर 2025 से
सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक केवल आधार-प्रमाणित IRCTC यूजर्स ही ऑनलाइन रिजर्व्ड टिकट बुक कर सकेंगे। बिना आधार सत्यापन वाले यूजर्स दोपहर 12 बजे के बाद बुकिंग कर पाएंगे।
5 जनवरी 2026 से
बुकिंग विंडो को और बढ़ाया जाएगा। इस दिन सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक केवल आधार-प्रमाणित यूजर्स को ऑनलाइन टिकट बुक करने की अनुमति होगी। अन्य यूजर्स शाम 4 बजे के बाद बुकिंग कर सकेंगे।
12 जनवरी 2026 से
चरणबद्ध प्रक्रिया के अंतिम चरण में सुबह 8 बजे से रात 12 बजे तक का पूरा समय आधार-प्रमाणित यूजर्स के लिए आरक्षित रहेगा। हालांकि, कंप्यूटरीकृत PRS काउंटरों से टिकट बुकिंग की प्रक्रिया में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
इस नियम को देखते हुए यदि आप भी यात्रा के लिए पहले दिन ही टिकट बुक करना चाहते हैं, तो तुरंत अपने IRCTC प्रोफाइल में जाकर आधार सत्यापन पूरा कर लें।


