पंजाब के लिए गर्व की खबर है। पटियाला के सरकारी विक्टोरिया गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल के शिक्षक दिनेश कुमार को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए चुना गया है। शिक्षा के क्षेत्र में उनके बेहतरीन योगदान के लिए उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान दिया जाएगा।

पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने दिनेश कुमार को इस उपलब्धि पर बधाई दी और उन्हें प्रदेश के शिक्षकों के लिए प्रेरणा बताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर यह सम्मान पंजाब के सरकारी स्कूलों में दी जा रही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शिक्षकों की मेहनत को दर्शाता है।

राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार देश में शिक्षकों को दिए जाने वाले प्रमुख सम्मानों में शामिल है। यह पुरस्कार हर साल 5 सितंबर यानी शिक्षक दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्वारा प्रदान किया जाता है। इसके जरिए शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य, नए प्रयोग और समर्पण के लिए शिक्षकों को सम्मानित किया जाता है।

हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि दिनेश कुमार की सफलता से पंजाब के पूरे शिक्षक समुदाय का उत्साह बढ़ेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह सम्मान सरकारी स्कूलों के अन्य शिक्षकों को भी बेहतर काम करने और शिक्षा के क्षेत्र में नए प्रयास करने के लिए प्रेरित करेगा।

Related Posts