पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने पठानकोट जिले के धार कलां थाने में तैनात एसएचओ इंस्पेक्टर गुलशन कुमार को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। विजिलेंस के अनुसार, आरोपी ने शिकायतकर्ता से कुल 2.5 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। गिरफ्तार अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है।

विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता के मुताबिक, अमृतसर निवासी एक रिटायर्ड एलआईसी मैनेजर ने शिकायत दी थी कि उनके भाई के ढांगू सारा गांव स्थित मधुबन रेस्टोरेंट में झगड़ा हुआ था। इस मामले में पुलिस ने रेस्टोरेंट के कर्मचारी कृष्णा और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। शिकायतकर्ता का नाम भी संदिग्ध के तौर पर शामिल था।

आरोप है कि एसएचओ ने मामले से शिकायतकर्ता का नाम हटाने के बदले पहले पांच लाख रुपये मांगे। बाद में कथित तौर पर 2.5 लाख रुपये में सौदा तय हुआ, जिसमें एक लाख रुपये पहली किस्त के रूप में देने थे।

शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस की पठानकोट इकाई ने जाल बिछाया और दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में आरोपी को रिश्वत लेते पकड़ लिया। टीम ने रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली। मामले की आगे जांच जारी है।

Related Posts