शहर में हुई भारी बारिश के बावजूद कई प्रमुख इलाकों में जलभराव की स्थिति नहीं बनने दी गई। पंचकूला महानगरीय विकास प्राधिकरण (पीएमडीए) की टीमें बारिश के दौरान लगातार सक्रिय रहीं और संवेदनशील स्थानों पर पानी की निकासी की व्यवस्था संभालती रहीं।

बारिश को देखते हुए पीएमडीए ने पहले से ही जरूरी इंतजाम कर रखे थे। जलभराव की आशंका वाले स्थानों पर कर्मचारियों और अधिकारियों की टीमें तैनात की गईं। जैसे ही कहीं पानी जमा हुआ, उसे निकालने के लिए तुरंत पंप और अन्य संसाधनों का इस्तेमाल किया गया।

पीएमडीए की टीमें 24 घंटे निगरानी पर रहीं, जिससे बारिश के बीच स्थिति पर लगातार नजर रखी जा सकी। अधिकारियों ने सड़कों और निचले इलाकों का निरीक्षण कर पानी की निकासी को प्राथमिकता दी।

पीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी केएम पांडुरंग ने भी खुद मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को जल निकासी में किसी भी तरह की देरी न होने देने और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।

प्राधिकरण के प्रयासों से बारिश के बावजूद शहर में सामान्य स्थिति बनाए रखने में मदद मिली। अधिकारियों ने कहा कि मौसम को देखते हुए टीमों को आगे भी अलर्ट पर रखा जाएगा।

Related Posts