हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर विपक्ष लोगों के बीच गलत जानकारी फैला रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने और परिवार के सदस्यों के नाम मतदाता सूची में जरूर जांचें।

मुख्यमंत्री वीरवार को करनाल में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ- अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के दौरान संबोधित कर रहे थे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हरी झंडी दिखाकर पदयात्रा को रवाना किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, स्मृति ईरानी और भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।

सीएम सैनी ने कहा कि लोकतंत्र में हर नागरिक का वोट महत्वपूर्ण है। एसआईआर का उद्देश्य मतदाता सूची को सही और पारदर्शी बनाना है। इसके तहत मृत व्यक्तियों के नाम, दोहरी प्रविष्टियों और रिकॉर्ड में गलतियों की जांच कर सुधार किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक अपने मतदान के अधिकार से वंचित नहीं रहना चाहिए। यदि किसी का नाम सूची में नहीं है या कोई गलती है तो वह संबंधित निर्वाचन अधिकारी के पास दावा या आपत्ति दर्ज करवा सकता है।

मुख्यमंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं से गांवों और वार्डों में लोगों को जागरूक करने तथा बुजुर्गों, महिलाओं और नए मतदाताओं की मदद करने का आह्वान किया।

Related Posts