साहिबजादा अजीत सिंह नगर जिले में डेंगू के खिलाफ चल रही मुहिम को और तेज कर दिया गया है। अब जिले के हाई रिस्क और संवेदनशील इलाकों में हर सोमवार को घर घर जाकर डेंगू की रोकथाम के लिए जांच की जाएगी।
सिविल सर्जन डॉ सुकांता जैन ने सोमवार को मोहाली के फेज 9 में कई घरों का निरीक्षण किया और पानी जमा होने वाले कंटेनरों की जांच की। इस दौरान राज्य स्तर से आई विशेष जांच टीम भी उनके साथ मौजूद रही।
डॉ जैन ने बताया कि इन दिनों डेंगू फैलाने वाले मच्छर के पनपने की संभावना अधिक रहती है। इसी को देखते हुए पंजाब सरकार के निर्देशों पर हर सोमवार को भी घरों में जांच की जा रही है। स्वास्थ्य टीमों ने गमले कूलर फ्रिज और अन्य पानी रखने वाले कंटेनरों की जांच की।
जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ अनामिका सोनी ने बताया कि जहां पानी जमा मिला वहां दवा का छिड़काव किया गया। उन्होंने लोगों से अपील की कि घरों और आसपास किसी भी जगह पानी जमा न होने दें।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार डेंगू एडीज एजिप्टी मच्छर के काटने से होता है। यह मच्छर दिन के समय काटता है और साफ पानी में पनपता है। डेंगू के सामान्य लक्षणों में तेज सिरदर्द तेज बुखार मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द तथा आंखों के पीछे दर्द शामिल हैं। गंभीर स्थिति में नाक मुंह या मसूड़ों से खून भी आ सकता है।
सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में डेंगू की जांच और इलाज मुफ्त उपलब्ध है। किसी भी जानकारी के लिए स्वास्थ्य विभाग की हेल्पलाइन 104 पर संपर्क किया जा सकता है।


